आसाराम बापू आश्रम में खूनी वारदात: 5 लाख के विवाद में संचालक की लोहे की रॉड से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

आसाराम बापू आश्रम में खूनी वारदात: 5 लाख के विवाद में संचालक की लोहे की रॉड से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

सहारनपुर:

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में स्थित आसाराम बापू आश्रम में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आश्रम के संचालक और मुख्य सेवादार भरत गुप्ता की उनके ही साथी सेवादार गौरव ने लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, ओडिशा निवासी भरत गुप्ता कई वर्षों से सहारनपुर के अंबाला रोड स्थित आश्रम का संचालन देख रहे थे। आरोपी गौरव के साथ उनका करीब 5 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार को रुपयों की मांग को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद गुस्से में आए गौरव ने दवाई वितरण कक्ष में रखी लोहे की रॉड से भरत गुप्ता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

गंभीर रूप से घायल भरत गुप्ता को पहले पिलखनी मेडिकल कॉलेज और बाद में अंबाला के मुलाना स्थित हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आश्रम और परिवार में शोक का माहौल है।

एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि आरोपी गौरव को रेलवे लाइन किनारे बने टीनशेड से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।