स्क्रीन की लत छुड़ाने के लिए अनोखी पहल: किताबें पढ़ने पर पैसे दे रही सिंगापुर सरकार, रोज 15 मिनट पढ़ना जरूरी
सिंगापुर: स्मार्टफोन के बढ़ते इस्तेमाल, रील्स और लगातार स्क्रॉलिंग की लत से लोगों को बचाने के लिए सिंगापुर सरकार ने एक अनोखी योजना शुरू की है। नेशनल लाइब्रेरी बोर्ड (NLB) के पांच वर्षीय 'नेशनल रीडिंग मिशन' के तहत लोगों को किताबें पढ़ने के बदले नकद इनाम दिया जा रहा है। दुनिया में अपनी तरह की इस पहली योजना का उद्देश्य लोगों को डिजिटल थकान से निकालकर वापस किताबों से जोड़ना है।
इस योजना में गेमिंग की तर्ज पर रिवॉर्ड सिस्टम तैयार किया गया है। नागरिकों को सरकारी पोर्टल 'क्राउडटास्क एसजी' (CrowdTaskSG) पर अपनी दैनिक रीडिंग दर्ज करनी होती है। नियम के अनुसार, रोजाना कम से कम 15 मिनट पढ़ने पर यूजर को 20 वर्चुअल कॉइन्स मिलते हैं। एक दिन में केवल एक ही सेशन मान्य होता है। जब कोई यूजर 50 दिनों तक लगातार पढ़कर 1,000 कॉइन्स जुटा लेता है, तो उसे 1 सिंगापुरी डॉलर (लगभग 65 से 76 रुपये) का नकद भुगतान मिलता है। इस वर्ष कुल 75 लाख रीडिंग मिनट जुटाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए सरकार करीब 1.14 करोड़ रुपये का बजट इनाम के तौर पर बांटेगी।
हालांकि, इस पहल को लेकर मनोवैज्ञानिकों और विशेषज्ञों में बहस भी छिड़ गई है। कुछ जानकारों का मानना है कि पैसों के लालच से किताबों के प्रति स्वाभाविक रुचि नहीं जगाई जा सकती। वहीं अन्य विशेषज्ञों का कहना है कि शॉर्ट वीडियो और डोपामाइन के इस दौर में लोगों को दोबारा किताब उठाने के लिए यह शुरुआती प्रोत्साहन बेहद मददगार साबित हो सकता है।