वाराणसी में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बड़ा बयान, गौ रक्षा आंदोलन को दिया समर्थन

वाराणसी में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बड़ा बयान, गौ रक्षा आंदोलन को दिया समर्थन

वाराणसी: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने काशी पहुंचकर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग पर अपना समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति या संत गौ, गंगा, गीता और सनातन धर्म की बात करेगा, वे उसके साथ खड़े रहेंगे।

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शुक्रवार को अपनी माता के साथ काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन के लिए वाराणसी पहुंचे थे। इस दौरान वे अस्सी घाट स्थित एक मठ में भी गए, जहां उन्हें देखने और मिलने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच गए।

इसी दौरान एक बुजुर्ग उनके साथ सेल्फी लेने आए तो बाबा ने उनका मोबाइल लेकर खुद ही उनके साथ तस्वीर खींच ली। वहीं एक छोटा बच्चा उन्हें देखकर भावुक हो गया, जिस पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने उसके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया।

इसके बाद वे अस्सी घाट से क्रूज के जरिए दशाश्वमेध घाट के दर्शन के लिए रवाना हुए।

ईरान-इजरायल-अमेरिका के बीच चल रहे तनाव को लेकर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दुनिया में अगर शांति का रास्ता खोजना है तो सनातन संस्कृति ही इसका समाधान दे सकती है। भारत की आध्यात्मिक परंपरा ही विश्व को सही दिशा दिखा सकती है।

वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत को लेकर दिए जा रहे बयानों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि ट्रंप भरोसेमंद नहीं हैं, क्योंकि वे शाम को कुछ और और सुबह कुछ और कहते हैं।