मुंबई और कोलकाता में 1.4 करोड़ लोगों के घर डूबने का खतरा !!

मुंबई और कोलकाता में 1.4 करोड़ लोगों के घर डूबने का खतरा !!

हेडलाइन: यूएन की चेतावनी: रिकॉर्ड रफ्तार से बढ़ रहा समुद्र स्तर, मुंबई और कोलकाता में 1.4 करोड़ लोगों के घर डूबने का खतरा

समुद्र का बढ़ता जलस्तर अब भविष्य की नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है। संयुक्त राष्ट्र (UN) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण एशिया के निचले डेल्टा क्षेत्रों में कोलकाता, मुंबई और ढाका जैसे बड़े शहरों के 1.4 करोड़ से ज्यादा लोग स्थायी जलभराव के चलते अपने आशियाने खोने के कगार पर पहुंच गए हैं।

रिपोर्ट में बताया गया है कि ग्लेशियरों के तेजी से पिघलने और महासागरों के गर्म होने से यह संकट रिकॉर्ड गति से गहरा रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, 2014 से 2023 के दौरान वैश्विक समुद्र स्तर औसतन 4.7 मिमी प्रति वर्ष बढ़ा, जो 2024 में बढ़कर 5.9 मिमी प्रति वर्ष के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। दुनिया भर में करीब 77 करोड़ लोग ऐसे संवेदनशील तटीय इलाकों में रहते हैं।

ग्लोबल वार्मिंग का लक्ष्य पार होना तय: यूएनईपी (UNEP) की रिपोर्ट में आगाह किया गया है कि 2015 के पेरिस जलवायु समझौते में तय 1.5 डिग्री सेल्सियस की सीमा पार होना अब लगभग तय है। दुनिया का औसत तापमान अब कम से कम 1.8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे तटीय शहरों पर खतरा और भयावह रूप ले सकता है।