हेडलाइन: जमशेदपुर: निखार हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, 15 लाख की सुपारी देकर कराई गई थी हत्या; राघव समेत 6 गिरफ्तार
चांडिल के कांदरबेड़ा स्थित 'टेंथ माइल स्टोन' में होटल कारोबारी निखार सबलोक (33) की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड की साजिश जमीन के कारोबार और पुरानी रंजिश के चलते रची गई थी। सोनारी निवासी मुख्य साजिशकर्ता अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव ने 15 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी।
सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने राघव समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें यूपी के सुल्तानपुर से बुलाए गए दो शूटर—अंकित सिंह व राजकुमार सिंह उर्फ प्रिंस के अलावा सुनील रजक, रितेश सिंह और सुशील केराई शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त लाल आई-10 कार, दो देसी पिस्तौल, दो मैगजीन, 7 जिंदा कारतूस और 6 खोखे बरामद किए हैं।
जमीन विवाद और पुरानी रंजिश बनी वजह: पिंडरापहाड़िया में तीन एकड़ जमीन को लेकर अखिलेश सिंह गिरोह और गणेश सिंह के करीबियों के बीच विवाद चल रहा था। निखार उस जमीन की बाउंड्रीवाल का जिम्मा संभाल रहा था। इसके अलावा, देहरादून में हुई विक्रम शर्मा की हत्या का बदला लेने और जमीन कारोबार में बढ़ते दखल को खत्म करने के लिए निखार को रास्ते से हटा दिया गया।
रेकी से लेकर शूटरों को रांची स्टेशन छुड़वाने तक की योजनाबद्ध भूमिका निभाई गई थी। मुख्य आरोपी राघव पर संपत्ति हड़पने और रंगदारी के भी कई मामले दर्ज हैं।