दक्षिणी Delhi के Lado Sarai इलाके में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पेट्रोल पंप पर चार-पांच हमलावरों ने तीन युवकों पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में 24 वर्षीय अली अमन की मौत हो गई, जबकि उसके दोस्त सुफियान और ऋतिक गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 11 बजे की है। अली अमन अपने दोस्तों के साथ बाइक में पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे, तभी हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। जान बचाने के लिए तीनों युवक भागे, लेकिन आरोपियों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और सरेआम चाकुओं से हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटनास्थल पर काफी लोग मौजूद थे, लेकिन कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया।
45 से ज्यादा बार किए गए वार
हमले की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अली अमन पर 20 से ज्यादा, ऋतिक पर 15-20 और सुफियान पर करीब 8 बार चाकू से वार किए गए। वारदात के बाद आरोपी तीनों को लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए।
घायलों को तुरंत Safdarjung Hospital ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अली अमन को मृत घोषित कर दिया। ऋतिक की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि सुफियान का इलाज जारी है।
परिवार का इकलौता सहारा था अली
मृतक के परिजनों के अनुसार, अली अमन ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा करता था और घर का इकलौता कमाने वाला था। परिवार में मां और दो बहनें हैं, जिनमें से एक की जल्द शादी होने वाली थी।
परिजनों ने आरोप लगाया कि यदि मौके पर मौजूद लोग मदद करते, तो अली की जान बचाई जा सकती थी।
पहले से जान-पहचान का शक
Saket थाना पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायलों ने चार आरोपियों के नाम बताए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी और पीड़ित एक-दूसरे को पहले से जानते थे और घटना से पहले उनकी मुलाकात भी हुई थी।
ओखला में भी चाकूबाजी की घटना
इसी बीच Okhla Phase 2 इलाके में भी चाकूबाजी का मामला सामने आया है। यहां एक पार्क में मामूली कहासुनी के बाद तीन युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए उसके दोस्त को भी घायल कर दिया गया।पुलिस के अनुसार, 29 अप्रैल को हुई इस घटना में गोविंदपुरी निवासी एक नाबालिग समेत दो युवक घायल हुए हैं।
जांच जारी
दोनों मामलों में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने राजधानी में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।