गिरिडीह में राधास्वामी संगठन का बड़ा फर्जीवाड़ा: 100 करोड़ की ठगी का खुलासा, प्रदेश अध्यक्ष समेत 4 गिरफ्तार
झारखंड के गिरिडीह जिले में वाहन, आवास और कन्यादान योजना में भारी अनुदान का झांसा देकर करीब 100 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले 'राधास्वामी संगठन' के फर्जीवाड़े का पचंबा थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष मुकेश कुमार सिन्हा, जिला अध्यक्ष अनिशा सिन्हा, जिला निगरानी प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह और कार्यालय लेखा लिपिक सुमित सिन्हा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक शर्मा (पटना निवासी) की तलाश जारी है।
ऐसे चला ठगी का नेटवर्क: संगठन 40% से 90% तक सरकारी अनुदान का झांसा देकर लोगों को जोड़ता था। ग्राहकों से वाहन या सामग्री की कीमत का 20% से 40% डाउन पेमेंट लेकर शेष राशि पर पीड़ित के नाम से ही बैंक फाइनेंस करा दिया जाता था। भरोसा जीतने के लिए शुरुआत में 3-4 महीने की ईएमआई संगठन भरता था, लेकिन नेटवर्क बड़ा होते ही भुगतान बंद कर दिया जाता था। इसके बाद बैंक व फाइनेंस कंपनियों ने रिकवरी के लिए सीधे पीड़ितों को नोटिस भेजना शुरू किया।
पचंबा थाने में 15 करोड़ की ठगी का केस दर्ज हुआ है, जहां 600 से अधिक पीड़ित पहुंचे और 70 से ज्यादा ने औपचारिक शिकायत दी। बताया जा रहा है कि बिहार में भी 40% छूट के नाम पर 40 हजार से अधिक वाहनों की खरीद करवाकर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की गई है।