नेपाल में भीषण त्रासदी: 8 दिन बाद मृतकों का आंकड़ा 1,243 पहुंचा, 4,875 लोग अब भी लापता; तीन नदियां खतरे के निशान से ऊपर
नेपाल में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के बाद हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। त्रासदी के 8 दिन बीत जाने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 1,243 तक पहुंच गई है, जबकि 4,875 लोग अभी भी लापता हैं। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण रसुवा और नुवाकोट जैसे प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य बुरी तरह बाधित हो रहा है।
जल तथा मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सिंधुली जिले की सुनकोशी नदी, गोरखा की बूढ़ी गंडकी और डडेलधुरा की महाकाली नदी चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही हैं। रातभर हुई बारिश से हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट्स की सुरंगों में पानी भर गया है, जिससे मलबे और पानी में फंसे श्रमिकों की तलाश कर रहे नेपाली सेना और विदेशी तकनीकी विशेषज्ञों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। अपनों का शव न मिलने पर परिजन पुतले बनाकर उनका अंतिम संस्कार करने को मजबूर हैं।
GDP का 10% नुकसान: नेपाल को इस त्रासदी में करीब 5 अरब डॉलर (लगभग 42 हजार करोड़ रुपये) के भारी नुकसान का अनुमान है, जो देश की सालाना जीडीपी का 10 फीसदी है। जलवायु परिवर्तन के चलते हिमालयी ग्लेशियर तेजी से पिघल रहे हैं, जिससे भूस्खलन और अचानक बाढ़ (Flash Floods) की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।