जिम के जरिए कथित धर्मांतरण मामले में मौलवी गिरफ्तार, कई आरोपियों से संपर्क का दावा

जिम के जरिए कथित धर्मांतरण मामले में मौलवी गिरफ्तार, कई आरोपियों से संपर्क का दावा

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में जिम की आड़ में कथित रूप से धर्मांतरण कराने के मामले में पुलिस को एक और अहम सफलता मिली है। पुलिस ने धर्मांतरण नेटवर्क से जुड़े एक मौलवी खलीलुर्रहमान को गिरफ्तार किया है, जिस पर जादू-टोना, तंत्र-मंत्र और ताबीज के बहाने लोगों को प्रभावित कर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने के आरोप हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मौलवी का नाम पहले से जेल में बंद जिम धर्मांतरण मामले के आरोपियों से जुड़ा हुआ सामने आया था। जांच में यह भी सामने आया है कि 2023 में वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र में एक हिंदू युवती का धर्म परिवर्तन कराकर निकाह कराने के मामले में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी धार्मिक गतिविधियों और कथित तांत्रिक उपायों के जरिए लोगों को अपने प्रभाव में लेता था और बाद में धर्म परिवर्तन के लिए उकसाता था। देहात कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, खलीलुर्रहमान ने मदरसा अरबिया इलियट घाट, मिर्जापुर से शिक्षा प्राप्त की है। वह भटवा पोखरी मस्जिद में करीब पांच वर्षों तक और चील्ह हुसैनी मस्जिद में पिछले छह वर्षों से नमाज पढ़ा रहा था।

गौरतलब है कि जिम की आड़ में कथित धर्मांतरण कराने के इस मामले में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें मोहम्मद शेख अली आलम, फैजल खान, जहीर, शादाब, फरीद अहमद, इरशाद खान और गिरोह का सरगना इमरान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इमरान का भाई लक्की फिलहाल फरार है।

अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार मौलवी के अन्य आरोपियों से संपर्क के प्रमाण मिले हैं और वाराणसी में दर्ज मामले की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी से पूछताछ में और अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।