डिजिटल दुनिया में हाहाकार: 18 घंटे तक ठप रहा Microsoft, 74 देशों में थमी करोड़ों की रफ्तार!
नई दिल्ली: डिजिटल दुनिया में एक भयानक 'टेक संकट' ने पूरी दुनिया के कामकाज को हिला कर रख दिया है। दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड सेवाओं में आई एक भयंकर तकनीकी खराबी के कारण 74 देशों के करोड़ों यूजर्स लगातार 18 घंटे तक बेहाल रहे। आउटलुक ईमेल, माइक्रोसॉफ्ट 365, टीम्स और एआई असिस्टेंट 'कोपायलट' जैसे अहम प्लेटफॉर्म पूरी तरह ठप पड़ गए।
इस महा-संकट का असर एशिया से लेकर अमेरिका तक देखने को मिला। बड़ी-बड़ी कंपनियों, बैंकों, स्कूलों, सरकारी एजेंसियों और एयरलाइन संचालन का काम अचानक रुक गया। भारत में भी एयर इंडिया और इंडिगो जैसी बड़ी एयरलाइंस की ईमेल सेवाएं बाधित हुईं, हालांकि राहत की बात रही कि उड़ानों पर सीधा असर नहीं पड़ा।
आखिर क्यों क्रैश हुआ सिस्टम? विशेषज्ञों के अनुसार, कॉन्फ़िगरेशन में आई गड़बड़ी के कारण बैकग्राउंड टास्क धीमा पड़ गया और सर्वर 'हेल्थ चेक' में फेल होकर ऑफलाइन हो गए। आपको बता दें कि अकेले माइक्रोसॉफ्ट 365 के दुनियाभर में 43 करोड़ से ज्यादा यूजर्स हैं। एसबीआई, एचडीएफसी और आईसीआईसीआई जैसे बड़े भारतीय बैंकों से लेकर देश की 10 से अधिक राज्य सरकारें और एप्पल जैसी 37 लाख से ज्यादा कंपनियां माइक्रोसॉफ्ट क्लाउड पर ही निर्भर हैं।
हालांकि शुक्रवार रात से सेवाएं धीरे-धीरे बहाल होने लगी हैं, लेकिन इस घटना ने एक खौफनाक सच सामने ला दिया है—अपना सारा जरूरी डेटा (ईमेल, चैट, फाइलें) किसी एक ही कंपनी के सिस्टम के भरोसे रखना बहुत बड़ा जोखिम साबित हो सकता है।