पाकिस्तान की नई साजिश का पर्दाफाश

पाकिस्तान की नई साजिश का पर्दाफाश

पाकिस्तान की नई साजिश का पर्दाफाश! बंगाल में नेताओं को हनी-ट्रैप में फंसाने की थी तैयारी, STF जांच में चौंकाने वाले खुलासे

कोलकाता: पश्चिम बंगाल स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की जांच में पाकिस्तान समर्थित एक कथित साजिश का बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों के अनुसार, आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े मॉड्यूल पर आरोप है कि वह पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों के नेताओं को हनी-ट्रैप में फंसाने और संवेदनशील सूचनाएं हासिल करने की योजना पर काम कर रहा था।

जांच में सामने आया है कि मॉड्यूल का विशेष फोकस पश्चिम बंगाल था। अधिकारियों के अनुसार, कथित योजना के तहत राज्य के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व को निशाना बनाने के साथ-साथ मंत्रियों और उनके परिजनों को हनी-ट्रैप में फंसाने के लिए बड़ी संख्या में युवा महिलाओं की भर्ती की जानी थी। इन महिलाओं को इसके बदले मोटी रकम देने का कथित वादा भी किया गया था।

STF और अन्य जांच एजेंसियों के मुताबिक, मॉड्यूल की एक अन्य कथित योजना मंत्रियों के बेटों का अपहरण कर फिरौती वसूलने की भी थी। खुफिया अधिकारियों का कहना है कि ऐसे नेटवर्क पारंपरिक आतंकी हमलों की तुलना में कम जोखिम वाले तरीकों से देश की सुरक्षा और राजनीतिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का इस्तेमाल पाकिस्तान के पक्ष में प्रचार करने और संवेदनशील जानकारियां जुटाने के लिए किए जाने की आशंका है। इसी मामले में गिरफ्तार झारखंड निवासी 22 वर्षीय कथित इन्फ्लुएंसर अर्पिता सरकार के डिजिटल रिकॉर्ड और उसकी कोलकाता यात्राओं की भी जांच की जा रही है।

एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि क्या यह मॉड्यूल नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर अशांति फैलाने की साजिश में शामिल था। साथ ही, प्रभावशाली लोगों तक पहुंच बनाने और गोपनीय जानकारी जुटाने के लिए पुलिस की वर्दी हासिल करने के प्रयासों की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल STF, केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर पूरे नेटवर्क, उसके विदेशी संपर्कों और कथित फंडिंग की गहन जांच कर रही है।