पश्चिम बंगाल के नॉर्थ के 24 परगना जिले के बनगांव इलाके में कथित देह व्यापार के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सत्तारूढ़ दल टीएमसी से जुड़े बताए जा रहे एक स्थानीय नेता समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला बनगांव नगर पालिका के वार्ड नंबर 22 स्थित कालूपुर पांचपोता इलाके का बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों के बाद रविवार को एक घर पर छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने सुकुमार राय नामक व्यक्ति को दो महिलाओं और एक युवक के साथ हिरासत में लिया। मौके से कुछ आपत्तिजनक सामान और शराब की बोतलें भी बरामद होने की बात कही जा रही है। पकड़ी गई महिलाएं कथित तौर पर नदिया जिले के शांतिपुर की रहने वाली बताई गई हैं।
लंबे समय से मिल रही थीं शिकायतें
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इलाके में काफी समय से संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं। लोगों ने कई बार प्रशासन और पुलिस से शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की।
हालांकि, आरोपी सुकुमार राय ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि महिलाएं किरायेदार के रूप में उनके घर में रह रही थीं और उनके खिलाफ राजनीतिक साजिश की जा रही है।
वायरल वीडियो से बढ़ी चर्चा
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस आरोपियों को ले जाती दिखाई दे रही है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
बीजेपी ने सरकार को घेरा
घटना को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। स्थानीय भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है और सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों के नाम लगातार विवादों में सामने आ रहे हैं।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है।