बाबा रामदेव का धीरेंद्र शास्त्री पर बड़ा हमला! बोले- श्रीकृष्ण को 'टेढ़ा' कहने वाला पाखंडी, भूत-प्रेत भगाना सिर्फ नाटक
जमशेदपुर: योग गुरु बाबा रामदेव ने रविवार को बिना नाम लिए चर्चित कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री पर बेहद तीखा हमला बोला है। जमशेदपुर के एग्रिको मैदान में पतंजलि की ओर से आयोजित महिला महासम्मेलन को संबोधित करते हुए रामदेव ने साफ शब्दों में कहा कि भगवान श्रीकृष्ण को 'टेढ़ा' कहने वाला व्यक्ति पाखंडी ही होगा।
बाबा रामदेव ने तंज कसते हुए कहा कि एक कथाकार ने पहले भगवान श्रीकृष्ण को 'टेढ़ा' कहा, फिर विवाद होने पर बांके बिहारी मंदिर जाकर माथा टेका, लेकिन बाद में फिर वही बात दोहराई। उन्होंने इसे पाखंड करार देते हुए कहा कि देवी-देवताओं की आपस में तुलना करना और आराध्य पर हल्की टिप्पणी करना पूरी तरह अनुचित है। इतना ही नहीं, उन्होंने कथा आयोजनों में भूत-प्रेत बुलाने और भगाने के दावों को भी महज एक नाटक बताया।
'हिंदू खतरे में हैं' के नारे पर भी बरसे: रामदेव ने कहा कि धार्मिक और जातिगत उन्माद फैलाकर समाज को बांटने वाले लोग समाज के दुश्मन हैं। पहले राजनीतिक व सामाजिक उन्माद पैदा किया जाता है और फिर 'हिंदू खतरे में हैं' का नारा देकर खुद को रक्षक बताया जाता है। उन्होंने दो टूक कहा कि हिंदुओं को भड़काने वाले सनातन के हितैषी नहीं हो सकते; देश संविधान से चलता है, जबकि सनातन था, है और हमेशा रहेगा।
गौरतलब है कि धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए कहा था कि 'हमारे वाले (राम) सीधे हैं, लेकिन तुम्हारे वाले (कृष्ण) टेढ़े हैं', जिस पर विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने सफाई दी थी।