अमेरिका में बड़ा हादसा: तेल टैंकर की टक्कर से मिसिसिपी नदी में पलटा क्रूज जहाज

अमेरिका में बड़ा हादसा: तेल टैंकर की टक्कर से मिसिसिपी नदी में पलटा क्रूज जहाज

अमेरिका: टैंकर की भीषण टक्कर से मिसिसिपी नदी में पलटा क्रूज जहाज, 180 पर्यटक थे सवार, कई पानी में गिरे; 32 घायल!

न्यू ऑरलियन्स (द जागरण न्यूज): अमेरिका के न्यू ऑरलियन्स से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाले हादसे की खबर सामने आ रही है। यहाँ की प्रसिद्ध मिसिसिपी नदी में एक भारी-भरकम तेल टैंकर ने किनारे पर खड़े एक क्रूज जहाज को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कुछ ही मिनटों में पूरा का पूरा क्रूज एक तरफ झुककर नदी में पलट गया। इस भयंकर हादसे के वक्त क्रूज पर करीब 180 पर्यटक और चालक दल के सदस्य सवार थे। टक्कर लगते ही जहाज पर चीख-पुकार मच गई और दर्जनों लोग सीधे उफनती नदी में जा गिरे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 'अटलांटिक एस्फाल्ट' नाम का तेल टैंकर अचानक नियंत्रण खो बैठा और उसने पोर्ट पर खड़े 'अमेरिकन हेरिटेज' क्रूज जहाज को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रूज में तेजी से पानी भरने लगा और वह पानी में समा गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, टगबोट संचालक, कोस्ट गार्ड और आपातकालीन दल तुरंत हरकत में आए। पानी में डूबे और छटपटाते लोगों को बचाने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। जांबाज बचाव दल ने लोगों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला। इस हादसे में कम से कम 32 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि सभी 180 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है और किसी की जान जाने की खबर नहीं है। अमेरिकी प्रशासन ने इस गंभीर हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।