लंदन में आस्था का सैलाब! -2°C की जमा देने वाली ठंड भी नहीं डिगा सकी हौसला, रांची और बोकारो की बेटियों ने सात समंदर पार शुरू किया ऐतिहासिक छठ महापर्व
लंदन/रांची (द जागरण न्यूज): लोक आस्था और कठिन साधना का महापर्व छठ अब सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सात समंदर पार यूनाइटेड किंगडम (UK) में भी इसकी अलौकिक छटा बिखर गई है। लंदन की कड़ाके की ठंड और माइनस दो (-2) डिग्री सेल्सियस के जमा देने वाले तापमान के बावजूद, बिहार और झारखंड के प्रवासी परिवारों की आस्था ऐतिहासिक रूप से विजय रही है।
'बिहारी कनेक्ट यूके' के तत्वावधान में ग्रेटर लंदन के हेस्टन रोड (हाउंसलो) स्थित ब्रह्मऋषि मिशन में लगातार पांचवें वर्ष सामूहिक छठ महापर्व का भव्य आगाज हो गया है। इस बार कड़े नियमों और पूर्ण निष्ठा के साथ रांची की श्रीन जयपुरियार और बोकारो की रूपम कुमारी समेत बिहार-झारखंड की 15 महिला व्रती छठी मइया की आराधना कर रही हैं।
2,000 प्रवासी श्रद्धालु होंगे शामिल, पटना से आई पूजन सामग्री
संस्था की अध्यक्ष डॉ. रानी ओम प्रकाश और संस्थापक डॉ. उदेश्वर सिंह ने बताया कि महापर्व को पूरी तरह पारंपरिक और जीवंत बनाने के लिए पीतल के दौरे, सूप, दीया और अन्य विशेष सामग्रियां सीधे पटना से मंगाई गई हैं।
शनिवार को मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से खरना का प्रसाद तैयार किया गया, जिसे ग्रहण करने के लिए करीब 600 श्रद्धालु जुटे। रविवार को होने वाले संध्या अर्घ्य और सोमवार के उदीयमान सूर्य अर्घ्य के लिए लंदन के अलावा कैंट, रीडिंग, एसेक्स, ससेक्स और वेंबले जैसे शहरों से करीब 2,000 से अधिक प्रवासियों के जुटने की उम्मीद है।
तैयारियों के लिए 25 वालंटियर्स दिन-रात जुटे हैं। भारतीय उच्चायोग के वरिष्ठ अधिकारी भी इस उत्सव का हिस्सा बनेंगे। कड़कती ठंड में गूंजते "कांच ही बांस के बहंगिया" के पारंपरिक गीतों ने लंदन को मानों छोटा पूर्वांचल बना दिया है!