आयुर्वेद का बड़ा चमत्कार! 6 जड़ी-बूटियों से बनी UTI की अचूक दवा, क्लीनिकल ट्रायल में 97% मरीज हुए पूरी तरह स्वस्थ
ग्वालियर: यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) से जूझ रहे मरीजों के लिए आयुर्वेद की दुनिया से एक बेहद चौंकाने वाली और बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित शासकीय स्वशासी आयुर्वेद कॉलेज (आमखो) और महर्षि कणाद आयुर्वेद औषधि प्राध्यापक पीठ के वैज्ञानिकों ने 6 औषधीय पौधों से यूटीआई की अचूक आयुर्वेदिक दवा तैयार की है। 'एमकेएपीपी' (MKAPP) नामक इस हर्बल एंटीमाइक्रोबियल फॉर्मूलेशन के क्लीनिकल ट्रायल में लगभग 97% मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो गए।
प्रोजेक्ट निदेशक प्रो. डॉ. केएल शर्मा और सह-अनुसंधान अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता के नेतृत्व में यह ट्रायल 6 महीने तक चला। सबसे बड़ी बात यह रही कि इस दौरान किसी भी मरीज में दवा का कोई दुष्प्रभाव (साइड इफेक्ट) नहीं देखा गया।
6 महीने के ट्रायल में चौंकाने वाले नतीजे: ट्रायल के तहत यूटीआई से पीड़ित मरीजों को दो समूहों (ग्रुप-ए और ग्रुप-बी) में बांटा गया था।
-
ग्रुप-ए (औषधि प्रयोग): 30 मरीजों को एक महीने तक नियमित रूप से 'एमकेएपीपी' दवा दी गई। एक माह बाद हुई जांच में 30 में से 29 मरीजों (लगभग 97%) की यूरिन रिपोर्ट नेगेटिव आई। यह दवा संक्रमण फैलाने वाले मुख्य बैक्टीरिया पर बेहद असरदार पाई गई।
-
ग्रुप-बी (केवल परहेज): दूसरे समूह के 30 मरीजों को बिना दवा के सिर्फ खानपान (पथ्य-अपथ्य) का पालन कराया गया। एक महीने बाद इनमें से केवल 5 मरीजों की ही रिपोर्ट नेगेटिव आई।
यह शोध आयुर्वेद की बढ़ती ताकत का बड़ा प्रमाण है, जो यूटीआई के इलाज में एक सुरक्षित और कारगर विकल्प साबित हो सकता है।