झारखंड रिम्स जमीन घोटाले में ACB का बड़ा एक्शन

झारखंड रिम्स जमीन घोटाले में ACB का बड़ा एक्शन

रिम्स जमीन घोटाले में ACB का बड़ा एक्शन! पूर्व रजिस्ट्रार के घर 3 दिन में दूसरी बार छापेमारी, IAS समेत 7 पर कसा शिकंजा

रांची: झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स (RIMS) की जमीन पर अतिक्रमण और फर्जी दस्तावेजों के जरिए खरीद-बिक्री के बहुचर्चित घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। जांच एजेंसी ने शनिवार को रांची के तत्कालीन जिला अवर निबंधक वैभवमणि त्रिपाठी के चेशायर होम रोड स्थित आवास पर एक बार फिर घंटों गहन तलाशी ली। तीन दिनों के भीतर दूसरी बार हुई इस छापेमारी से जमीन कारोबारियों में भारी हड़कंप मच गया है।

एसीबी की टीम को तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अहम साक्ष्य हाथ लगे हैं। सूत्रों के अनुसार, ये दस्तावेज जमीन की अवैध रजिस्ट्री, फर्जीवाड़े और इस खेल में शामिल कई सफेदपोशों व बिचौलियों की भूमिका को बेनकाब करने में निर्णायक साबित होंगे। इससे पहले 20 नवंबर को भी एसीबी ने त्रिपाठी के फ्लैट पर छापेमारी कर उसे सील कर दिया था।

IAS समेत 7 आरोपियों से आमने-सामने पूछताछ: इस महा-घोटाले में एसीबी ने आईएएस अधिकारी मनोज कुमार रंजन, वैभवमणि त्रिपाठी, राजेश कुमार, अविनाश कुमार, राहुल कुमार चौबे, शैलेश कुमार और मनोज कुमार सहित कुल सात अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी पर बीएनएस (BNS) की गैर-जमानती धाराओं (318, 338, 336, 340, 61, 49) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की कठोर धाराओं के तहत केस दर्ज है। रिमांड के दूसरे दिन एसीबी ने सभी को आमने-सामने बैठाकर फर्जी डीड, संदिग्ध म्यूटेशन और अवैध रकम के बंटवारे के राज उगलवाए।

जल्द दर्ज हो सकता है डीए (DA) केस: एसीबी ने अब एक और बड़े मोर्चे पर कार्रवाई शुरू करते हुए सभी सातों आरोपियों और उनके परिजनों के बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन व अचल संपत्तियों का हिसाब खंगालना शुरू कर दिया है। वैध आय से अधिक संपत्ति मिलने पर जल्द ही इनके खिलाफ अलग से डीए केस (आय से अधिक संपत्ति का मामला) दर्ज किया जाएगा।