पीएम बनने के 8 महीने बाद भारत आ रहे नेपाल के PM बालेन शाह! सीमा विवाद, 9,264 करोड़ के कर्ज और पोखरा एयरपोर्ट पर होगा बड़ा फैसला
काठमांडू/नई दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह (बालेंद्र शाह) पद संभालने के 8 महीने बाद आज रविवार दोपहर अपने पहले औपचारिक विदेश दौरे पर नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। हालांकि यह पूर्व नेपाली प्रधानमंत्रियों के अब तक के भारत दौरों में सबसे छोटा प्रवास होगा, लेकिन इसके भारी-भरकम एजेंडे ने दोनों देशों की कूटनीति में हलचल मचा दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ होने वाली इस हाई-प्रोफाइल बैठक में भारत से 1 अरब डॉलर (9,264 करोड़ रुपये) से अधिक के रियायती कर्ज पर चर्चा होनी है। सबसे बड़ा प्रस्ताव नेपाल के पोखरा और भैरहवा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के प्रबंधन का जिम्मा भारतीय कंपनी को देने का है। साथ ही, गौतम बुद्ध और पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के लिए भारतीय वायु क्षेत्र से हवाई प्रवेश मार्ग का मुद्दा भी एजेंडे में शामिल है।
सीमा विवाद और रामायण सर्किट पर फोकस:
-
कनेक्टिविटी और ऊर्जा: दौरे में रामायण सर्किट के अंतर्गत जनकपुर-अयोध्या रेल सेवा और सिलीगुड़ी-चारआली पेट्रोलियम पाइपलाइन पर चर्चा होगी। नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राई के अनुसार, संपर्क नेटवर्क और ऊर्जा सहयोग की कई परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास भी किया जाएगा।
-
सीमा विवाद: दोनों देशों के बीच लंबे समय से लंबित सुस्ता और कालापानी-लिम्पियाधुरा सीमा विवाद पर विदेश सचिव स्तरीय तंत्र को सक्रिय कर चर्चा करने की प्रतिबद्धता दोहराई जाएगी।
तोड़ी पुरानी परंपरा: इस दौरे से पहले पीएम बालेन शाह ने विपक्षी दलों से परामर्श करने की पुरानी परंपरा की अनदेखी की है। इसे लेकर प्रमुख विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ उपसभापति विश्वप्रकाश शर्मा समेत अन्य नेताओं ने सरकार के प्रति गहरा असंतोष जताया है।