पोस्टिंग के 24 घंटे बाद EOU का बड़ा एक्शन: प्रवर्तन अवर निरीक्षक ने पड़ोसी की छत पर फेंका नोटों से भरा बैग, 1.49 करोड़ की काली कमाई का खुलासा
पटना/आरा:
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए परिवहन विभाग के प्रवर्तन अवर निरीक्षक (ESI) अमित गुप्ता के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है। चौंकाने वाली बात यह है कि 29 सितंबर को ही अमित गुप्ता ने यूपी सीमा से सटे संवेदनशील मोहनिया चेकपोस्ट पर योगदान दिया था और नई पोस्टिंग के महज 24 घंटे के भीतर ही EOU की टीम उनके दरवाजे पर आ धमकी।
बुधवार सुबह जब जांच एजेंसी की टीम आरा के नवादा थाना क्षेत्र स्थित 'कृष्णकला भवन' पहुंची, तो हड़कंप मच गया। अमित गुप्ता ने करीब 15 मिनट तक मुख्य दरवाजा नहीं खोला। इस दौरान उन्होंने साक्ष्य छुपाने की नीयत से रुपयों से भरा काला पॉलिथीन बैग और मोबाइल फोन चुपके से पड़ोसी की छत पर फेंक दिया। इतना ही नहीं, वह खुद भी पड़ोसी की छत के रास्ते भागने की फिराक में थे, लेकिन सतर्क अधिकारियों ने उनकी इस कोशिश को नाकाम कर दिया और बैग बरामद कर लिया।
EOU ने आरा के साथ-साथ दानापुर के साईं वरदान सिटी स्थित फ्लैट नंबर 609 में भी एक साथ दबिश दी। जांच में अमित गुप्ता के पास 1.49 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है, जो उनकी वैध आय से लगभग 148.10% अधिक है।
छापेमारी में मिली अकूत संपत्ति:
-
कैश व लग्जरी घड़ियां: पड़ोसी की छत पर फेंके गए बैग से भारी मात्रा में नकदी और महंगी ब्रांडेड घड़ियों का कलेक्शन मिला।
-
जमीन के कागजात: कोइलवर में 12 कट्ठा जमीन के दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
-
अचल संपत्तियां: दानापुर के साईं वरदान सिटी स्थित फ्लैट 609 और आरा के 'कृष्णकला भवन' के डीड्स जब्त किए गए।
-
वित्तीय रिकॉर्ड: लग्जरी कारों, मकानों के दस्तावेज और बैंक लेन-देन से जुड़े कई अहम वित्तीय रिकॉर्ड टीम के हाथ लगे हैं।