गोंडा (उत्तर प्रदेश)। जिले के कौंधिया बाजार थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी विद्यालय में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़ और उसके भाई के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में स्कूल प्रबंधन से जुड़े व्यक्ति और एक छात्र भी शामिल बताए गए हैं। पुलिस ने अन्य आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
परिवार की शिकायत के अनुसार, कक्षा 9 की छात्रा को एक छात्र द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे थे और स्कूल आते-जाते समय उसका पीछा किया जाता था। जब इस संबंध में छात्रा के भाई ने स्कूल जाकर आपत्ति जताई, तो कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की गई।
क्या है आरोप?
पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया है कि शिकायत करने पर स्कूल परिसर में कुछ लोगों ने उनके बेटे के साथ हाथापाई की और धमकी दी। उन्होंने स्कूल की मान्यता और संचालन को लेकर भी सवाल उठाए हैं। ये आरोप फिलहाल जांच के दायरे में हैं।
https://twitter.com/gondapolice/status/2023104042784915539
पुलिस की कार्रवाई
कौंधिया बाजार थाने की पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, 2023 की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच के बाद चार आरोपितों को हिरासत में लिया गया है और एक छात्र का मोबाइल फोन जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। फरार बताए जा रहे अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।