उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक पर पहचान छुपाकर हिंदू युवती को प्रेम संबंध में फंसाने, बाद में धर्म परिवर्तन और शादी के बाद छोड़ देने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले ने तूल तब पकड़ा जब पीड़िता न्याय की गुहार लेकर पुलिस अधिकारियों के पास पहुंची, वहीं आरोपी युवक ने भी वीडियो जारी कर खुद को बेगुनाह बताया है।
पीड़िता का आरोप: पहचान बदलकर बनाया संबंध
रोरावर क्षेत्र की रहने वाली युवती का कहना है कि आरोपी फिरोज ने खुद को “राकेश” बताकर उससे संपर्क साधा। नौकरी दिलाने का झांसा देकर नजदीकियां बढ़ाईं। युवती का दावा है कि एक बार कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए और इस दौरान अश्लील वीडियो भी बना लिया गया।
पीड़िता के अनुसार, बाद में उसी वीडियो के सहारे उस पर दबाव बनाकर उसका धर्म परिवर्तन कराया गया, नाम बदलकर “आलिया” रखा गया और फिर निकाह किया गया। कुछ समय बाद आरोपी ने उसे छोड़ दिया और विरोध करने पर जान से मारने तथा स्लॉटर हाउस में कटवाने की धमकी दी।
आरोपी का पलटवार: लगाए पैसे ऐंठने के आरोप
मामले के तूल पकड़ने के बाद आरोपी फिरोज ने एक वीडियो जारी कर पीड़िता के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। वीडियो में उसने बताया कि वह तरासुर खुर्द का रहने वाला है और फैक्ट्री में काम करता है।
फिरोज का दावा है कि दोनों की जान-पहचान फैक्ट्री में काम के दौरान हुई थी और संबंध आपसी सहमति से बने। उसने आरोप लगाया कि युवती द्वारा दिखाए जा रहे निकाह और धर्म परिवर्तन से जुड़े कागजात फर्जी हैं। उसने कहा कि असली निकाह में मस्जिद की मुहर और रजिस्टर में एंट्री होती है, जिसकी जांच कराई जानी चाहिए।
पैसे और मकान को लेकर भी विवाद
फिरोज ने यह भी दावा किया कि वह अब तक युवती को 6 से 7 लाख रुपये दे चुका है, उसके लिए मकान बनवाया और एक प्लॉट भी खरीदा। उसके अनुसार, युवती उस पर 5 लाख रुपये और देने का दबाव बना रही थी। पैसे देने से मना करने पर ही मामला पुलिस और मीडिया तक पहुंचाया गया।
बच्चा लेकर भटक रही पीड़िता
पीड़िता का कहना है कि अब उसके पास एक छोटा बच्चा है और वह अकेली न्याय के लिए संघर्ष कर रही है। उसने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया गंभीर धाराओं में केस
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के बाद मामले में जांच शुरू कर दी है। आरोपी फिरोज के खिलाफ धोखाधड़ी, दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धमकी जैसी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों और दस्तावेजों की गहन जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।