सासाराम में सनसनी: रेलवे सब्जी मंडी के पास सूटकेस से बरामद हुई युवती की लाश, पुलिस जांच में जुटी

सासाराम में सनसनी: रेलवे सब्जी मंडी के पास सूटकेस से बरामद हुई युवती की लाश, पुलिस जांच में जुटी

रोहतास जिले के सासाराम शहर में रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब डेहरी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन की सब्जी मंडी के पास एक लावारिस ट्रॉली बैग से तेज दुर्गंध आने लगी। स्थानीय लोगों को जब अनहोनी की आशंका हुई, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।

मौके पर जुटी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही डेहरी नगर थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। ट्रॉली बैग खोले जाने पर उसके अंदर एक युवती का शव मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हो गए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया।

 पुलिस के रवैये पर उठे सवाल

घटनास्थल पर मौजूद लोगों और कुछ मीडियाकर्मियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि यदि शव को सार्वजनिक रूप से दिखाया जाता, तो पहचान जल्दी हो सकती थी। हालांकि पुलिस ने किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए शव को तुरंत हटाने की बात कही।

छह घंटे बाद शव की पहचान

लगभग छह घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने शव की शिनाख्त कर ली। मृतका की पहचान मैरून खातून (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के सकलडीहा स्टेशन के पास स्थित बटघी गांव की रहने वाली थी। उसकी शादी वर्ष 2022 में डेहरी के जक्की बीघा निवासी मोहम्मद क्यामुद्दीन से हुई थी। परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच चुके हैं।

 पति पर गंभीर आरोप

मृतका के परिजनों ने पति और उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि क्यामुद्दीन के अपनी मामी की बहन से कथित अवैध संबंध थे, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। परिजनों के अनुसार, घटना से एक रात पहले क्यामुद्दीन ने फोन कर बताया था कि मैरून घर से भाग गई है। इसके बाद से परिजन मायके में उसके लौटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन अगली सुबह सूटकेस में शव मिलने की खबर ने सबको झकझोर दिया।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले क्यामुद्दीन के परिवार में एक और हत्या की घटना हो चुकी है, जिसमें उसकी मां की उसके देवर द्वारा हत्या की गई थी।

 पुलिस का बयान

डेहरी के प्रभारी एसडीपीओ गौतम कुमार यादव ने बताया कि सूटकेस से लगभग 30 वर्ष की एक युवती का शव बरामद किया गया है। घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई है तथा एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए हैं। मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम किया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

वहीं रोहतास के पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सूटकेस को वहां कब और किसने छोड़ा।