अमृतसर में खौफनाक वारदात: वीज़ा लगने की खुशी में दी पार्टी, फिर नशीली शराब पिलाकर मकान मालकिन को उतारा मौत के घाट

अमृतसर में खौफनाक वारदात: वीज़ा लगने की खुशी में दी पार्टी, फिर नशीली शराब पिलाकर मकान मालकिन को उतारा मौत के घाट

अमृतसर : गुरु नगरी अमृतसर के मजीठा रोड इलाके में विश्वास और रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ इंदिरा कॉलोनी में रहने वाली 67 वर्षीय बुजुर्ग महिला वीना रानी की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। हत्या का आरोप किसी और पर नहीं, बल्कि पिछले दो साल से उनके घर में रह रहे किरायेदारों पर लगा है।

वीज़ा पार्टी की आड़ में रची साजिश

पुलिस जांच और परिजनों के मुताबिक, यह हत्या पूरी प्लानिंग के साथ की गई है। मृतका की बेटी सिम्मी ने बताया कि उनके घर में दो युवक किराये पर रहते थे। हाल ही में एक युवक का विदेश जाने का वीज़ा लगा था।

आरोपियों ने इसी खुशी में एक पार्टी रखी और मृतका के भतीजे (बुआ के बेटे) को घर बुलाया। साजिश के तहत उसे शराब में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया, जिससे वह बेहोश हो गया।

तेजधार हथियार से हत्या और लूट

भतीजे के बेहोश होने के बाद रात करीब 1 बजे आरोपियों ने बुजुर्ग वीना रानी पर तेजधार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर में रखे सोने-चांदी के गहने और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

पड़ोसियों को हुआ शक तो खुला राज

गुरुवार सुबह जब काफी देर तक वीना रानी घर से बाहर नहीं निकलीं, तो पड़ोसियों को शक हुआ। दरवाजा खुला मिला और अंदर सामान बिखरा हुआ था। वीना रानी का खून से लथपथ शव बेड पर पड़ा था।

मौके पर पहुंचीं एसीपी सिटी-2 वनीता ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फरार किरायेदारों की तलाश में छापेमारी जारी है।