झारखंड में बवाल! नाबालिग रेप केस में कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के घर पहुंची पुलिस, खंगाले सबूत
रांची: सिमडेगा जिले की नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने अपनी जांच की रफ्तार तेज कर दी है। शनिवार को पुलिस टीम पीड़िता को लेकर सीधे कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के आवास पर जा पहुंची और वहां खौफनाक वारदात के सबूत खंगाले।
पुलिस ने क्राइम सीन रीक्रिएट करते हुए पीड़िता से कई सवाल पूछे, जैसे— वारदात वाले दिन विधायक किस कमरे में ठहरे थे, उन्होंने अपने जूते किस जगह खुलवाए थे और वह पानी लेकर कितनी देर में विधायक के कमरे में गई थी। पीड़िता ने पुलिस के हर सवाल का जवाब दिया और घटना से जुड़ी कड़ियों को जोड़ने में जांच टीम का पूरा सहयोग किया।
स्पेशल जज के सामने दर्ज हुआ सीलबंद बयान: शनिवार को ही रांची स्थित विशेष पॉक्सो (POCSO) अदालत में स्पेशल जज के समक्ष पीड़िता का बयान भी दर्ज कराया गया। अदालत में पीड़िता ने अपने साथ घटित पूरी घटना का समर्थन किया, जिसके बाद स्पेशल जज ने इस अहम बयान को सीलबंद कर अभिलेख के साथ अटैच कर दिया है।
एफआईआर के मुताबिक, मई में भूषण की पत्नी जोसिमा खाखा और बहन एमा बाड़ा उसे घर ले गई थीं, जहां से उसे रांची में विधायक आवास भेज दिया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म हुआ।