नोएडा:- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देवभूमि को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए सरकार किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेगी। नोएडा स्टेडियम में आयोजित महाकौथिग कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक पहचान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए अमृत योजना, ऑल वेदर रोड और उड़ान परियोजना जैसी योजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। इन योजनाओं का लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। पहले चरण के पूरा होते ही पर्वतीय क्षेत्रों के लिए रेल सेवा का ट्रायल शुरू किया जाएगा, जिससे पहाड़ों तक रेल पहुंचाने का सपना साकार होगा।
विकास के साथ संस्कृति की सुरक्षा पर जोर
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड में हो रहा विकास केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राज्य की सांस्कृतिक और डेमोग्राफिक सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि देवभूमि में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि, धर्मांतरण या लव जिहाद को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार ने सख्त कानून बनाए हैं और बिना किसी दबाव के उन पर प्रभावी कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने दो टूक कहा कि कानून सभी के लिए समान है और किसी को भी विशेष छूट नहीं दी जाएगी।
कांग्रेस पर साधा निशाना
सीएम धामी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्हें केवल वोट बैंक की राजनीति दिखाई देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान ऐसे तत्वों को संरक्षण मिलता रहा, जो राज्य की सामाजिक और सांस्कृतिक संरचना के लिए खतरा थे।
उन्होंने कहा, “अब उत्तराखंड की एक इंच जमीन भी गलत सोच रखने वालों के हाथ नहीं जाने दी जाएगी। सरकार पूरी मजबूती के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।”
राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने बताया कि नीति आयोग की वर्ष 2023 की रैंकिंग में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा किसानों की आय बढ़ाने के मामले में भी राज्य ने राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल किया और सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार जीता। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धियां उत्तराखंड के संतुलित विकास और सशक्त नीतियों का परिणाम हैं।
सख्त कानून और सामाजिक एकता
धामी ने कहा कि नकल माफिया, धर्मांतरण और समाज को तोड़ने वाली ताकतों के खिलाफ राज्य सरकार पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है। ऑपरेशन कालनेमि जैसी मुहिम के जरिए देवभूमि की छवि खराब करने वालों पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने समान नागरिक संहिता को सामाजिक समरसता की दिशा में एक बड़ा कदम बताते हुए कहा कि उत्तराखंड से शुरू हुई यह पहल पूरे देश के लिए उदाहरण बनेगी।
प्रवासी उत्तराखंडियों से भावनात्मक अपील
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने देश-विदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों से देवभूमि की संस्कृति और परंपराओं को सुरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों की धरोहर को बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।