मेरठ : मेरठ से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अस्पताल में काम कर लौट रही एक महिला की उसके ही पति ने बीच सड़क पर चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतका छह बच्चों की मां थी और लंबे समय से पारिवारिक तनाव झेल रही थी।
यह वारदात मेडिकल थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पति को पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसको लेकर दोनों के बीच बीते करीब 11 महीनों से लगातार विवाद चल रहा था। हालात इतने बिगड़ चुके थे कि महिला अपने बच्चों के साथ अलग रह रही थी और परिवार का खर्च उठाने के लिए अस्पताल में नौकरी कर रही थी।
मृतका समीना, श्याम नगर (लिसाड़ी गेट) की रहने वाली थी। उसकी शादी करीब 19 साल पहले गोकुलपुर निवासी वकील से हुई थी, जो ट्रक चालक है। दंपती के छह बच्चे हैं—सबसे बड़ी बेटी 16 साल की है, जबकि सबसे छोटा बच्चा सिर्फ 5 साल का है।
सोमवार रात लगभग साढ़े आठ बजे, ड्यूटी समाप्त कर जब समीना घर लौट रही थी, तभी रास्ते में उसका पति सामने आ गया। कहासुनी के बाद आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे मौके पर ही समीना की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। मृतका के भाई शमीम की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पति पहले भी समीना को जान से मारने की धमकी दे चुका था।
मेडिकल थाना प्रभारी सतवीर सिंह अत्री के मुताबिक, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर मंगलवार देर शाम उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने पत्नी पर शक के चलते यह कदम उठाया।
बच्चों की देखभाल को लेकर प्रशासन आवश्यक कार्रवाई कर रहा है। फिलहाल तीन बच्चे मां के साथ रहते थे, जबकि तीन पिता के पास थे।