LOC पर पाकिस्तान की नई साजिश: खौफ में तैनात कीं 50 एंटी-ड्रोन यूनिट्स, चीन दे रहा साथ!
'ऑपरेशन सिंदूर' में करारी शिकस्त खाने के बाद खौफजदा पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (LoC) पर अपनी नापाक सैन्य गतिविधियां तेज कर दी हैं। पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर के नए प्लान के तहत ड्रोन वॉरफेयर को 'फर्स्ट लाइन ऑफ डिफेंस एंड फर्स्ट लाइन ऑफ अटैक' बना दिया गया है।
भारत को चुनौती देने के लिए पाकिस्तान ने LoC के सामने 50 से ज्यादा विशेष एंटी-ड्रोन यूनिट्स तैनात कर दी हैं। इनका मुख्य लक्ष्य भारतीय ड्रोन और लोइटरिंग म्यूनिशन की पहचान कर उन्हें निष्क्रिय करना है। ये संवेदनशील यूनिट्स विशेष रूप से पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के रावलकोट, कोटली और भीमबर सेक्टर में लगाई गई हैं, जो सीधे तौर पर भारतीय सेना के पुंछ, राजौरी, नौशेरा और सुंदरबनी सेक्टर्स के सामने पड़ते हैं।
चीन का 'बाइदो' और नई जैमिंग तकनीक इस साजिश में पाकिस्तान को ड्रैगन का पूरा साथ मिल रहा है। पाकिस्तानी ड्रोन्स को चीन के ग्लोबल सैटेलाइट नेविगेशन सिस्टम 'बाइदो' (Beidou) से गाइड किया जा रहा है, जिससे अमेरिकी GPS पर उनकी निर्भरता कम हो गई है। अपनी सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए पाकिस्तान ने अपने काउंटर-ड्रोन सिस्टम में रेडियो फ्रीक्वेंसी डिटेक्ट करने वाले 'स्पाइडर' (10 किमी रेंज) और 'सफरा' पोर्टेबल ड्रोन जैमिंग गन (15 किमी रेंज) को भी शामिल कर लिया है। इतना ही नहीं, पाकिस्तानी सेना भविष्य के युद्धों को देखते हुए एक अलग 'UAV (अनमैन्ड एरियल व्हीकल) कोर' बनाने की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रही है और अपनी सैन्य रणनीति में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल बढ़ा रही है।