27 लाख करोड़ के साम्राज्य के नए बादशाह! गौतम अदाणी ने चुने 4 उत्तराधिकारी
अदाणी ग्रुप के संस्थापक 64 वर्षीय गौतम अदाणी ने अपने 27 लाख करोड़ रुपये के विशाल साम्राज्य के लिए उत्तराधिकारियों का बड़ा ऐलान कर दिया है। 17 लाख करोड़ के मार्केट कैप और 10 लाख करोड़ की व्यक्तिगत संपत्ति वाले इस कारोबारी अंपायर की कमान अब परिवार के चार युवा सदस्यों के हाथों में होगी। इस कोर टीम में उनके दो बेटे, करण और जीत, तथा दो भतीजे, प्रणव और सागर शामिल हैं। हालांकि, इन चारों को पूर्ण नियंत्रण कब सौंपा जाएगा, यह अभी तय नहीं है।
गौतम अदाणी ने फॉर्च्यून इंडिया से एक विशेष बातचीत में स्पष्ट किया, "अगली पीढ़ी को नेतृत्व विरासत में नहीं मिलता है। उन्हें इसे अर्जित करने की जिम्मेदारी विरासत में मिलती है।"
कौन हैं ये चार उत्तराधिकारी?
-
करण अदाणी (39 वर्ष): बड़े बेटे करण 2009 में मुंद्रा पोर्ट पर बतौर कार्यकारी ग्रुप से जुड़े थे और 2016 में अदाणी पोर्ट्स (APSEZ) के सीईओ बने।
-
जीत अदाणी (29 वर्ष): छोटे बेटे जीत 2019 में ग्रुप से जुड़े। वे अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) में निदेशक हैं, जो देश के आठ हवाई अड्डों का संचालन करती है।
-
प्रणव अदाणी (48 वर्ष): भतीजे प्रणव सबसे बड़े और अनुभवी हैं, जो 27 साल से ग्रुप से जुड़े हैं। वे अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के निदेशक और एग्री, ऑयल एंड गैस के प्रबंध निदेशक हैं।
-
सागर अदाणी (32 वर्ष): भतीजे सागर अदाणी ग्रीन एनर्जी के कार्यकारी निदेशक हैं। 2015 में ग्रुप से जुड़ने के बाद, पूरे सौर और पवन पोर्टफोलियो के निर्माण का श्रेय उन्हें ही दिया जाता है।