आसमान में 9/11 जैसी खौफनाक साजिश: जांबाज भारतीय पायलट ने चाकू के वार सहकर बचाई सैकड़ों जानें
दुबई/यरूशलम: दुबई से इजराइल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई एयरलाइंस की फ्लाइट में बीच हवा में वह सब हुआ, जिसने रूह कंपा देने वाले 9/11 आतंकी हमले की यादें ताजा कर दीं। जॉर्डन एयरस्पेस के ऊपर ओमानी मूल के को-पायलट ने अचानक विमान को हाईजैक कर इजराइल में क्रैश कराने की भयानक साजिश रच डाली। आरोपी ने कॉकपिट में मौजूद भारतीय मूल के मुख्य पायलट स्मित मछार पर पेन-नाइफ से ताबड़तोड़ जानलेवा हमले शुरू कर दिए।
शरीर पर चाकू के गहरे घाव लगने और खून से लथपथ होने के बावजूद कैप्टन स्मित मछार ने अदम्य साहस दिखाते हुए कॉकपिट का कंट्रोल हमलावर के हाथ में नहीं जाने दिया। इस खूनी संघर्ष के दौरान विमान महज दो मिनट में 17 हजार फीट नीचे गोता खा गया, जिससे यात्रियों में भीषण चीख-पुकार मच गई।
कॉकपिट से आ रही आवाजों को सुनकर विमान में मौजूद इजराइली खुफिया एजेंसी 'शिनबेत' के एयर मार्शल और ऑफ-ड्यूटी पायलट तुरंत हरकत में आए। हमलावर को-पायलट को रस्सियों से बांधकर काबू किया गया। इसके बाद ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने विमान की कमान संभाली और फ्लाइट को सुबह 11:31 बजे सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंड कराया गया।
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया कि यह विमान को हाईजैक कर इजराइल में 9/11 जैसी खौफनाक तबाही मचाने की साजिश थी। आरोपी को सऊदी अरब की हिरासत में सौंप दिया गया है, वहीं सभी यात्रियों को विशेष विमान से सुरक्षित तेल अवीव लाया गया। भारतीय पायलट की बहादुरी और दृढ़ता के चलते सैकड़ों जिंदगियां काल के गाल में समाने से बाल-बाल बच गईं