ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल के माध्यम से आपत्तिजनक संदेश भेजते हुए उन्हें माफिया अतीक अहमद की तरह अंजाम भुगतने की चेतावनी दी।
फोन और मैसेज के जरिए दी जा रही धमकियां
इस मामले की जानकारी शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी शैलेंद्र योगिराज ने दी। उनके मुताबिक, बीते कुछ दिनों से लगातार मोबाइल नंबर पर धमकी भरे संदेश भेजे जा रहे हैं, जिनमें अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है। बताया गया है कि नंबर ब्लॉक करने के बावजूद 6 अप्रैल को दोबारा संपर्क करने की कोशिश की गई और वॉयस मैसेज के जरिए भी धमकी दी गई।
एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे समर्थक, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
गुरुवार को शंकराचार्य के समर्थक वाराणसी के भेलुपुर थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया और एफआईआर दर्ज नहीं की। समर्थकों का कहना है कि उन्हें बार-बार इंतजार करने को कहा गया, लेकिन पूरे दिन के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आज तक कार्रवाई नहीं, प्रदर्शन की चेतावनी
समर्थकों ने कहा है कि शुक्रवार, 10 अप्रैल तक शाम 5 बजे तक यदि एफआईआर दर्ज नहीं की जाती है, तो वे भेलुपुर थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे।मीडिया प्रभारी शैलेंद्र योगिराज ने भी समर्थकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में एकत्रित होकर अपनी आवाज उठाएं।
सियासी माहौल भी हुआ गर्म
इस घटना के बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। शंकराचार्य के समर्थकों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।