महाराष्ट्र के नासिक में सामने आए टीसीएस धर्मांतरण और यौन शोषण मामले में पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में AIMIM नेता अब्दुल मतीन पटेल के कथित अवैध निर्माण पर नगर निगम ने बुलडोजर कार्रवाई की।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, संबंधित निर्माण को लेकर पहले नोटिस जारी किया गया था। तय समय सीमा पूरी होने के बाद निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए इलाके में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी।
पुलिस के मुताबिक, धर्मांतरण मामले की मुख्य आरोपी बताई जा रही निदा खान को शरण देने के आरोप में मतीन पटेल का नाम सामने आया है। इसी मामले में उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है। पूछताछ के लिए पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर जांच की थी।
जानकारी के अनुसार, निदा खान को हाल ही में छत्रपति संभाजीनगर से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यह पूरा मामला नासिक स्थित Tata Consultancy Services (TCS) कार्यालय में काम करने वाली कुछ महिलाओं की शिकायतों के बाद सामने आया। शिकायतों में यौन शोषण, दबाव और धर्मांतरण से जुड़े आरोप लगाए गए हैं। पहली शिकायत मार्च में देवलाली पुलिस स्टेशन में दर्ज हुई थी, जिसके बाद अन्य महिलाओं ने भी पुलिस से संपर्क किया।
फिलहाल नासिक पुलिस की विशेष जांच टीम मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और प्रशासन का कहना है कि कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई जारी रहेगी।