गोपालगंज/पटना (The Jagran News):
बिहार में प्रशासनिक भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक को अंजाम दिया है। गोपालगंज के अपर जिला दंडाधिकारी (ADM) राजेश्वरी पांडेय की काली कमाई के साम्राज्य का पर्दाफाश करते हुए SVU ने उनके 4 ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की। जांच में अफसर के पास वैध आय से 135.23% अधिक यानी कुल 2.50 करोड़ रुपये से ज्यादा की अकूत संपत्ति उजागर हुई है।
निगरानी की टीम ने जैसे ही अफसर के पटना स्थित आवास और अन्य ठिकानों पर दबिश दी, अफसरों की आंखें फटी रह गईं। तलाशी के दौरान घर से 1.85 लाख रुपये नकद, करीब 32 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और महंगी लग्जरी वस्तुओं की खरीद के बिल बरामद किए गए।
35 बैंक खाते और 12 अचल संपत्तियों का जखीरा
जांच में सामने आया कि ADM ने अकूत दौलत को छिपाने के लिए अपने परिवार को जरिया बनाया।
-
खुद, पत्नी और बेटे के नाम पर कुल 12 अचल संपत्तियां दर्ज हैं, जिनका आधिकारिक मूल्य करीब 1.32 करोड़ रुपये आंका गया है।
-
चार अलग-अलग बैंकों में कुल 35 बैंक खाते मिले हैं, जिनमें 1.49 करोड़ रुपये से अधिक की रकम जमा है।
-
8.50 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) के साथ-साथ LIC पॉलिसियों, कंपनियों के शेयरों और म्यूचुअल फंड्स में भारी निवेश के कागजात भी जब्त हुए हैं।
SVU ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कांड संख्या 26/2026 दर्ज कर लिया है। अन्य ठिकानों से मिले संदिग्ध दस्तावेजों की स्क्रूटनी जारी है, जिससे बेनामी संपत्ति के और बड़े खुलासे होने की पूरी संभावना है।