दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राहुल मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को दिल्ली के द्वारका स्थित एक होटल से पकड़ा गया। इस केस में अलवर पुलिस की मदद से उसके पिता और दोस्तों समेत कुल 6 लोगों को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि राहुल मीणा मूल रूप से राजस्थान के अलवर जिले के राजगढ़ क्षेत्र का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि हत्या से पहले उसने अपने गांव में एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म की वारदात को भी अंजाम दिया था, जिसकी जांच अलग से जारी है।
नौकरी से निकाले जाने का बदला बना हत्या की वजह
जानकारी के मुताबिक, राहुल के पिता आईआरएस अधिकारी के ऑफिस में काम करते थे। पिता की सिफारिश पर ही राहुल को अधिकारी के घर पर नौकरी मिली थी। लेकिन पैसों की गड़बड़ी और अनुशासनहीनता की शिकायतों के चलते उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। इसी बात को लेकर आरोपी के मन में गहरा आक्रोश था।
पुलिस के अनुसार, बदले की इसी भावना से राहुल दिल्ली पहुंचा और अमर कॉलोनी स्थित घर में घुसकर आईआरएस अधिकारी की बेटी की मोबाइल चार्जर के केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी। इस मामले में दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है, जिसकी जांच की जा रही है।
अलवर में भी दर्ज है दुष्कर्म का मामला
हत्या से पहले अलवर में एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म के आरोप में भी राहुल का नाम सामने आया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण हो चुका है और उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर बयान दर्ज कराए जाएंगे।
6 लोग हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
दिल्ली पुलिस की टीमों ने अलवर पहुंचकर स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की और आरोपी के पिता सहित 6 लोगों को हिरासत में लिया। इनसे पूछताछ के बाद ही राहुल के ठिकाने का पता चला।
4 दिन की पुलिस कस्टडी में आरोपी
अदालत ने राहुल मीणा को 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को क्राइम सीन पर ले जाकर घटनाक्रम को समझना और आगे की जांच के लिए उसे अलवर भी ले जाना जरूरी है।
पुलिस इस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।