राजधानी में अपराध पर नकेल कसते हुए Delhi Police ने एक बड़े ऑपरेशन में अवैध हथियार निर्माण गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह का मुख्य सरगना अभी भी फरार बताया जा रहा है।
मामला 21 अप्रैल 2026 की शाम का है, जब वजीराबाद क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली। यमुना खादर पुश्ता रोड स्थित हनुमान चौक के पास कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मोहम्मद अयूब नामक व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से दो देसी पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में अयूब ने अवैध हथियार बनाने वाले नेटवर्क का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के Moradabad में छापा मारकर एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। मौके से इदरीस और शादाब को गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस को फैक्ट्री से तीन देसी पिस्तौल, 12 जिंदा कारतूस, 14 बैरल, अधूरे हथियारों के पुर्जे, एक भट्टी और कई उपकरण बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह अवैध यूनिट करीब एक साल से सक्रिय थी और बड़े स्तर पर हथियारों की सप्लाई कर रही थी।
पूरी कार्रवाई SHO इंस्पेक्टर प्रशांत आनंद के नेतृत्व में और ACP शाहिकांत गौर के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई।
हालांकि, इस गिरोह का कथित सरगना ‘सोनू’ अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से एक बड़े खतरे को समय रहते टाल दिया गया, लेकिन ऐसे नेटवर्क के अन्य कड़ियों की जांच भी जारी है।