पूर्व मिस इंडिया अर्थ सायली सुर्वे ने पति पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- मजबूरी में बदला था धर्म

पूर्व मिस इंडिया अर्थ सायली सुर्वे ने पति पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- मजबूरी में बदला था धर्म

मुंबई:  मिस इंडिया अर्थ 2019 का खिताब जीत चुकी मॉडल सायली सुर्वे इन दिनों अपने वैवाहिक विवाद को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने अपने मुस्लिम पति पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं और दावा किया है कि शादी के दौरान उन्हें धर्म परिवर्तन करने के लिए मजबूर किया गया था।

सायली, जो मूल रूप से पिंपरी-चिंचवाड़ की रहने वाली हैं और फिलहाल मुंबई में रहती हैं, अब फिर से हिंदू धर्म अपना चुकी हैं। उन्होंने अपना नाम बदलकर आद्या सुर्वे रख लिया है।

2017 में की थी प्रेम विवाह

सायली के अनुसार, उनकी मुलाकात आतिफ तासे से एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में यह रिश्ता प्रेम विवाह में बदल गया। वर्ष 2017 में परिवार के विरोध के बावजूद उन्होंने निकाह कर लिया था।

उन्होंने बताया कि निकाह के लिए उन्हें इस्लाम धर्म स्वीकार करना पड़ा था, जिसके बाद उनका नाम बदलकर अतेजा तासे रखा गया। हालांकि शादी के बाद समय के साथ रिश्ते में समस्याएं बढ़ती चली गईं।

वैवाहिक जीवन को लेकर लगाए आरोप

सायली का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद ही उन्हें अपने पति के व्यवहार और पारिवारिक माहौल को लेकर कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि कई बार उन्होंने इस रिश्ते को खत्म करने के बारे में सोचा, लेकिन बच्चों के भविष्य को देखते हुए बार-बार समझौता किया।

उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा आया जब हालात सहन करना मुश्किल हो गया और उन्होंने अपने साथ हो रहे कथित दुर्व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने का फैसला किया।

बच्चों के नाम भी बदले

सायली ने बताया कि उन्होंने अपने चारों बच्चों के नाम भी बदल दिए हैं ताकि वे हिंदू संस्कृति और परंपराओं को भी समझ सकें। उनका कहना है कि उन्होंने इस मामले में कई एफआईआर दर्ज कराई हैं और जल्द ही पुलिस के सामने अपना बयान भी दर्ज कराने वाली हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा कारणों से फिलहाल वह मुंबई नहीं जा सकीं, लेकिन पुलिस उनसे संपर्क में है और सहायता कर रही है।

अन्य महिलाओं से की अपील

भावुक होते हुए सायली ने कहा कि उनके पास अपने आरोपों से जुड़े कई सबूत हैं, लेकिन किसी को बदनाम करना उनका उद्देश्य नहीं है। उन्होंने ऐसी परिस्थितियों से गुजर रही महिलाओं से आगे आकर अपने साथ हो रहे अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।

कौन हैं सायली सुर्वे

सायली सुर्वे का जन्म मुंबई में हुआ और उनका पालन-पोषण पुणे में हुआ। उन्होंने मॉडलिंग और ब्यूटी प्रतियोगिताओं के जरिए अपने करियर की शुरुआत की। 2019 में मिस इंडिया अर्थ का खिताब जीतने के बाद उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। इसके अलावा उन्होंने विमानन अध्ययन (एविएशन) में भी पढ़ाई की है।

फिलहाल इस मामले में संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन यह मुद्दा महाराष्ट्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।