गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र में महिला एसीपी के सरकारी आवास में चोरी की घटना सामने आई है। घर में काम करने वाले एक संविदाकर्मी को चोरी करते हुए पकड़ने पर उसने एसीपी के पति पर चाकू से हमला कर दिया। हालांकि एसीपी के पति ने साहस दिखाते हुए आरोपी को काबू में कर लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक उपासना पांडेय गाजियाबाद कमिश्नरेट में एसीपी कोतवाली के पद पर तैनात हैं। वह सिहानी गेट थाने के पीछे स्थित सरकारी आवास में रहती हैं। उनके पति अंशुल मिश्रा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में सहायक कमांडेंट के पद पर कार्यरत हैं।
अंशुल मिश्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 9 मार्च की सुबह करीब 10 बजे उनकी पत्नी ड्यूटी पर चली गई थीं। वह घर के एक कमरे में आराम कर रहे थे। दोपहर करीब 1:10 बजे उन्हें अलमारी खुलने की आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने जाकर देखा तो घर में काम करने वाला संविदाकर्मी यश अलमारी से सामान निकाल रहा था।
अंशुल मिश्रा के अनुसार जब उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी गुस्से में आ गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद उसने अपने पास रखे चाकू से हमला कर दिया। हालांकि उन्होंने किसी तरह आरोपी को पकड़ लिया और उसके हाथ से चाकू छीनकर खुद को बचा लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी की पैंट की जेब से सोने की अंगूठी और करीब 7,500 रुपये नकद बरामद हुए, जो अलमारी से चोरी किए गए थे। इसके बाद आरोपी को चाकू और बरामद सामान के साथ सिहानी गेट पुलिस को सौंप दिया गया।
इस मामले में एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि आरोपी की पहचान यश उर्फ यशवीर, निवासी रईसपुर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।