महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा दोषी करार, 5 जून को सजा पर होगी सुनवाई

महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा दोषी करार, 5 जून को सजा पर होगी सुनवाई

दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा को जंतर-मंतर प्रदर्शन मामले में दोषी करार दिया है। मामला जुलाई 2024 में महिला आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर किए गए प्रदर्शन से जुड़ा है। कोर्ट अब 5 जून को सजा के बिंदु पर सुनवाई करेगी।

क्या है मामला

जुलाई 2024 में अलका लांबा के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने आरोप लगाया था कि सरकारी कर्मचारियों के कार्य में बाधा डाली गई, धक्का-मुक्की की गई और सार्वजनिक रास्ता बाधित किया गया।

इसी मामले में अलका लांबा के खिलाफ बीएनएस की धारा 132, 221, 223(a) और 285 के तहत केस दर्ज किया गया

पिछली सुनवाई में राऊज एवेन्यू कोर्ट ने कहा था कि अलका लांबा के खिलाफ प्रथम दृष्टया मामला बनता है। इसके बाद अदालत ने उनके खिलाफ आपराधिक आरोप तय किए थे। अब कोर्ट ने सुनवाई पूरी होने के बाद अलका लांबा को दोषी करार दिया है।

अलका लांबा की प्रतिक्रिया

कोर्ट के फैसले के बाद अलका लांबा ने कहा कि वह महिला आरक्षण और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर आवाज उठा रही थीं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन संवैधानिक अधिकार के तहत किया गया था। अलका लांबा ने कहा कि वह फैसले से डरने वाली नहीं हैं और कानूनी प्रक्रिया का सामना करेंगी।