दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां दूसरी बेटी होने से नाराज एक पिता पर अपनी 10 महीने की बच्ची की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी पिता दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वारदात के बाद खुद थाने पहुंचा और बच्ची के अपहरण की झूठी शिकायत दर्ज कराई, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
अपहरण की कहानी गढ़कर पहुंचा थाने
जानकारी के अनुसार, बच्ची अपने माता-पिता और पांच साल की बड़ी बहन के साथ भलस्वा डेयरी इलाके में रहती थी। आरोपी पिता ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह करीब पांच बजे वह दूध लेने घर से बाहर गया था। इस दौरान उसकी पत्नी बड़ी बेटी को सुला रही थी और उसकी आंख लग गई। वहीं, छोटी बच्ची कमरे में दूध पी रही थी। उसने दावा किया कि घर लौटने पर बच्ची गायब मिली। परिवार ने तलाश की तो गली में बच्ची की दूध की बोतल पड़ी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
CCTV फुटेज से खुली साजिश
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान एक CCTV फुटेज सामने आई, जिसमें आरोपी पिता बच्ची को अपने साथ ले जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को उस पर शक हुआ।
पूछताछ में कबूला गुनाह
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने कथित तौर पर अपना गुनाह कबूल कर लिया।पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी दूसरी बेटी होने से नाराज था। इसी वजह से उसने बच्ची को जिंदा सेप्टिक टैंक में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस आरोपी की निशानदेही पर बच्ची के शव की तलाश में जुटी रही। साथ ही मामले में बच्ची की मां की भूमिका की भी जांच की जा रही है।