ऑपरेशन सिंदूर में Game Changer S-400: पहली बार युद्ध में उतरा, दुश्मन के हौसले पहले ही हमले में तोड़े
नई दिल्ली: ऑपरेशन सिंदूर में भारत का S-400 Air Defence System सबसे बड़ा गेम चेंजर बनकर सामने आया। यह पहली बार था जब भारतीय सेना ने S-400 का वास्तविक युद्ध में इस्तेमाल किया। इससे पहले इस सिस्टम की भारत में कोई लाइव फायरिंग भी नहीं हुई थी। सीधे युद्ध के दौरान इसकी पहली मिसाइल दागी गई और उसने दुश्मन की हवाई चुनौती का जवाब देना शुरू कर दिया।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद पूरे देश में सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर आ गए। इसी दौरान S-400 यूनिट को हर समय कार्रवाई के लिए तैयार रहने का आदेश मिला। सभी लॉन्चरों में लाइव मिसाइलें लोड की गईं और Radar, Launcher तथा दूसरे उपकरणों की लगातार जांच की गई, ताकि आदेश मिलते ही कुछ ही सेकंड में कार्रवाई की जा सके।
6-7 मई की रात जैसे ही ऑपरेशन शुरू हुआ, S-400 यूनिट को तुरंत तैनाती का आदेश मिला। तय स्थान पर पहुंचते ही पूरे सिस्टम को युद्ध के लिए तैयार कर दिया गया। लॉन्चर ऐसी स्थिति में रखा गया कि आदेश मिलते ही केवल एक बटन दबाकर मिसाइल दागी जा सके।
ऑपरेशन शुरू होने के कुछ ही देर बाद S-400 ने अपनी पहली मिसाइल दागी। शुरुआती कार्रवाई में दुश्मन के JF-7 लड़ाकू विमान को निशाना बनाया गया। पहले ही हमले ने यह संकेत दे दिया कि भारतीय वायु रक्षा प्रणाली पूरी तरह सक्रिय है और अब दुश्मन के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र में बढ़ना आसान नहीं होगा। इसी वजह से ऑपरेशन सिंदूर के शुरुआती चरण में S-400 भारत की सबसे बड़ी रक्षा ढाल और असली Game Changer बनकर उभरा।