अमेरिका से लेकर यूरोप तक जंगलों में भड़की भीषण आग, लाखों लोग प्रभावित
The Jagran News Desk
वाशिंगटन/पेरिस: दुनिया भर में इस वक्त भीषण गर्मी और आग का कहर जारी है। अमेरिका के ओरेगॉन प्रांत से लेकर यूरोप के फ्रांस और स्पेन तक जंगलों में लगी आग ने भयानक रूप ले लिया है। अमेरिका में 7,000 एकड़ जंगल जलकर राख हो गए हैं, वहीं यूरोप में आग की वजह से 3 लाख से ज्यादा लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है।
अमेरिका: जेफरसन काउंटी में हाई अलर्ट
आग का तेजी से फैलाव: ओरेगॉन के जंगलों में 23 जुलाई को लगी आग अब बेकाबू हो गई है। कैंप क्रिक के पास भड़की यह आग सिर्फ तीन दिन के अंदर 7,000 एकड़ से ज्यादा इलाके में फैल चुकी है।
इमरजेंसी अलर्ट: जेफरसन काउंटी के निवासियों के लिए 'लेवल-3' का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने इलाके को तुरंत खाली करने की चेतावनी दी है।
हाईवे बंद: तेज हवाओं, भीषण गर्मी और कम नमी की वजह से आग रिहायशी इलाकों और हाईवे की तरफ तेजी से बढ़ रही है, जिसके चलते US-26 हाईवे को बंद करना पड़ा है।
यूरोप: फ्रांस और स्पेन में हालात बेकाबू
3 लाख लोग बेघर: फ्रांस और स्पेन के जंगलों में लगी आग ने भयानक तबाही मचाई है। आग के खतरे को देखते हुए 3 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है।
मैक्रों का बड़ा एक्शन: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने आग पर काबू पाने के लिए 'A400M' युद्धक विमान को मैदान में उतारा है।
भारी तबाही: स्पेन में इस साल अब तक 1.3 लाख हेक्टेयर और फ्रांस में 98 हजार हेक्टेयर जंगल पूरी तरह से खाक हो चुके हैं। प्रभावित इलाकों में 'स्टेट ऑफ इमरजेंसी' लागू कर दी गई है और अब तक एक व्यक्ति की मौत की खबर है।
यूरोपीय संघ की मदद: बिगड़ते हालात को देखते हुए यूरोपीय संघ (EU) ने भी मदद भेजी है। आग बुझाने के लिए रोमानिया, पुर्तगाल, चेक गणराज्य और स्लोवेनिया से वाटर बॉम्बर विमान और हेलीकॉप्टर भेजे गए हैं।