दिल्ली में सनसनीखेज हत्या: दोस्तों संग संबंध बनाने से इनकार पर युवती की हत्या, बेड में छिपाया शव

दिल्ली में सनसनीखेज हत्या: दोस्तों संग संबंध बनाने से इनकार पर युवती की हत्या, बेड में छिपाया शव

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महिला की हत्या कर शव को बेड के अंदर छिपा दिया गया। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी स्थित पत्थर मार्केट के एक पीजी में हुई। मंगलवार शाम पीजी संचालक को कमरे से बदबू और संदिग्ध गतिविधि का शक हुआ। जांच करने पर बेड के बॉक्स के अंदर महिला का शव मिला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

जांच में सामने आया कि आरोपी दीपक अपनी महिला मित्र को पीजी में लेकर आया था। कुछ देर बाद वह अकेला ही वहां से निकल गया, जिससे शक गहरा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की।

डीसीपी विक्रम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फोरेंसिक और क्राइम यूनिट की मदद से साक्ष्य जुटाए। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपक और उसके दो साथियों—सुरेंद्र और जोगिंदर—को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतका और मुख्य आरोपी पिछले 8-9 वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों पहले से शादीशुदा थे, लेकिन अक्सर एक-दूसरे से मिलते रहते थे। घटना के दिन आरोपी अपने दो दोस्तों के साथ कमरे में मौजूद था।

आरोप है कि आरोपी ने महिला पर अपने दोस्तों के साथ भी शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। महिला द्वारा इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और तीनों ने मिलकर उसका गला घोंट दिया। वारदात के बाद सबूत छिपाने के लिए शव को बेड के बॉक्स में रखकर आरोपी फरार हो गए।

फिलहाल, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।