तमिलनाडु को मिली 13,000 करोड़ की बड़ी सौगात: CM विजय संग मेट्रो में पीएम मोदी, बोले— 'यह समय युवाओं का है!'
चेन्नई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तमिलनाडु दौरे के दौरान राज्य को 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की ऐतिहासिक सौगात दी। इन परियोजनाओं में रेलवे, सड़क नेटवर्क और पेट्रोलियम क्षेत्र से जुड़े कई अहम कार्य शामिल हैं। पीएम मोदी ने बहुप्रतीक्षित चेन्नई मेट्रो फेज-2 का उद्घाटन किया और मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के साथ मेट्रो ट्रेन में सफर भी किया। इस दौरान पीएम ने चेन्नई में एक भव्य रोड शो भी किया, जिसमें भारी जनसैलाब उमड़ा।
‘दुनिया आपसे समाधान चाहती है, भविष्य गढ़ें युवा’
जयगोपाल गरोड़िया हिंदू विद्यालय के गोल्डन जुबली समारोह में छात्रों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने युवाओं में नया जोश भरा। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया नए और प्रभावी समाधान तलाश रही है, और विश्व को भारत के युवाओं से बहुत बड़ी उम्मीदें हैं। पीएम ने कहा— "देश का भविष्य मुझे आप जैसे युवाओं में साफ दिखाई देता है। साल 2047 तक विकसित भारत, विश्व की टॉप-3 अर्थव्यवस्था, चंद्रमा पर भारतीय की उपस्थिति और ओलंपिक की सफल मेजबानी—हम यह सब निश्चित रूप से हासिल करेंगे। यह समय आपका है।'"
सीएम विजय ने रखीं मांगें, केंद्र का मिला आश्वासन
इस मौके पर मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने राज्य के विकास से जुड़े कई प्रमुख मुद्दे और मांगें प्रधानमंत्री के समक्ष रखीं। सीएम विजय ने केंद्र सरकार से चेन्नई मेट्रो के तीसरे चरण (Phase-3) को अविलंब मंजूरी देने का आग्रह किया। इसके अलावा, उन्होंने मद्रास उच्च न्यायालय की आधिकारिक भाषा 'तमिल' घोषित करने तथा एसएसए (SSA) योजना के तहत तमिलनाडु के बकाया 5,110 करोड़ रुपये को बिना किसी शर्त के तुरंत जारी करने की मांग उठाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए भरोसा दिलाया कि तमिलनाडु के चौमुखी विकास को रफ्तार देने के लिए केंद्र सरकार हर संभव सहायता और सहयोग जारी रखेगी।