हिंदू युवती ने लगाया शादी का झांसा देकर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप, बरेली में केस दर्ज

हिंदू युवती ने लगाया शादी का झांसा देकर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप, बरेली में केस दर्ज

बरेली, 11 जुलाई। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक हिंदू युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर संबंध बनाने, गर्भपात कराने और बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव डालने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लखनऊ निवासी हिंदू युवती की शिकायत के अनुसार उसकी पहचान करीब दो वर्ष पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से बरेली के थाना शाही क्षेत्र के ग्राम दुनका निवासी जीशान से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। युवती का आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

शिकायत में कहा गया है कि इस दौरान वह गर्भवती हो गई थी। युवती का आरोप है कि गर्भावस्था की जानकारी मिलने के बाद आरोपी ने उसका गर्भपात करा दिया। बाद में जब उसने शादी की बात की तो उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया गया।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि धर्म परिवर्तन के लिए तैयार होने के बावजूद आरोपी ने उससे शादी नहीं की और संपर्क समाप्त कर लिया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

युवती द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना शाही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।