महा-पलायन या मास्टरस्ट्रोक? भारत आने से 4 गुना तेज रफ्तार से विदेश जा रहा धन, RBI की रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा!
मुंबई: देश के शेयर और बॉन्ड बाजार को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरबीआई (RBI) की रिपोर्ट के अनुसार, जिस रफ्तार से विदेशी संस्थाएं भारत में पैसा लगा रही हैं, उससे 4 गुना अधिक तेजी से भारतीय पैसा विदेशों में जा रहा है।
आंकड़े गवाही दे रहे हैं कि पिछले दो साल में भारतीय संस्थाओं और आम लोगों ने 70.9% ज्यादा पैसा विदेश भेजा है, जबकि इसकी तुलना में विदेशी निवेश केवल 16.75% ही बढ़ा है। इन दो सालों में भारतीयों का विदेशी निवेश 9.92 लाख करोड़ रुपये से उछलकर 16.95 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। 2025-26 के चौंकाने वाले आंकड़ों के मुताबिक, भारतीयों ने विदेशी शेयर और डेट में कुल 4.92 लाख करोड़ रुपये का निवेश बढ़ाया, जबकि इसके मुकाबले भारत में कुल शुद्ध विदेशी निवेश महज 1.96 लाख करोड़ ही बढ़ा। यानी भारतीयों ने 150% ज्यादा धन विदेशों को भेजा है।
क्या हैं इसके मायने? विशेषज्ञों के अनुसार, यह केवल देश से पूंजी का बाहर जाना नहीं है, बल्कि दुनिया में भारतीय कंपनियों की बढ़ती भागीदारी का साफ संकेत है। भारतीय निवेशक जोखिम बांटने के लिए अमेरिकी व अन्य विदेशी बाजारों में निवेश कर रहे हैं। तकनीक, एआई और सेमीकंडक्टर जैसी डिजिटल सेवाओं में भारतीय कंपनियों को नए अवसर मिल रहे हैं। हालांकि, विदेशों में बढ़ते निवेश से डॉलर की मांग बढ़ेगी, जिससे रुपये पर दबाव पड़ सकता है और विदेशी मुद्रा बाजार में उतार-चढ़ाव आ सकता है।