लोकतंत्र की सरेआम नीलामी! आंध्र प्रदेश में सरपंच की कुर्सी के लिए लगी 1.2 करोड़ की बोली
काकीनाडा: लोकतंत्र को शर्मसार करने वाली एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में सरपंच की कुर्सी सरेआम नीलाम कर दी गई। पिथापुरम विधानसभा क्षेत्र के गोल्लाप्रोलु मंडल की दुर्गाडा ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए बुधवार रात गांव के बाकायदा खुली नीलामी हुई, जिसमें 1.20 करोड़ रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाई गई।
पत्नी को सरपंच बनाने के लिए लुटाए करोड़ों: 'द जागरण न्यूज़' की रिपोर्ट के मुताबिक, यह सीट सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है। इस हैरतअंगेज नीलामी में तीन लोग शामिल हुए, जिसमें जनसेना पार्टी के एक नेता ने अपनी पत्नी या मां को सरपंच बनवाने की चाहत में सबसे ऊंची बोली लगाकर कुर्सी का सौदा कर लिया।
नियमों की उड़ी धज्जियां: मामला सामने आने के बाद भारी विवाद शुरू हो गया है। नियमों के अनुसार पंचायत चुनाव कराने की जिम्मेदारी राज्य निर्वाचन आयोग की होती है और सरपंच पद की नीलामी किसी भी हाल में नहीं की जा सकती। हालांकि निर्विरोध चुनाव हो सकता है, लेकिन उसके लिए भी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन जरूरी है। इससे पहले भी महाराष्ट्र (2 करोड़), पंजाब (2 करोड़) और मध्य प्रदेश (23 लाख) में ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जहां चुनाव आयोग और हाईकोर्ट ने सख्त एक्शन लेते हुए चुनाव रद्द कर दिए थे।