गिरिडीह में पीडीएस डीलर ने डकारा 43.49 टन सरकारी अनाज: मां की शिकायत पर जांच में हुआ खुलासा, 36% ब्याज के साथ होगी 17.65 लाख की वसूली
गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह शहर में गरीबों के निवाले पर डाका डालने का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहरी क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 स्थित जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकान में डीलर द्वारा 43.49 टन सरकारी खाद्यान्न के बड़े गबन की पुष्टि हुई है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस पूरे फर्जीवाड़े की शिकायत किसी और ने नहीं, बल्कि निलंबित डीलर प्रशांत चौधरी की अपनी मां कंचन चौधरी ने की थी।
मां की शिकायत के आधार पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (शहरी) महेश भगत ने जब गहन जांच पड़ताल की, तो सरकारी अनाज के हेरफेर की परतें खुलती चली गईं। आधिकारिक जांच रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई 2023 से अब तक डीलर ने कुल 34,874 किलोग्राम चावल, 8,189 किलोग्राम गेहूं और 428 किलोग्राम चना दाल का गबन किया है।
बाजार दर के हिसाब से गबन किए गए इस 43.49 टन राशन का कुल मूल्य लगभग 17.65 लाख रुपये आंका गया है।
जांच अधिकारी महेश भगत ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) को सौंपते हुए डीलर का लाइसेंस तुरंत रद्द करने की सिफारिश की है। इसके साथ ही गबन की गई पूरी राशि पर 12 प्रतिशत सालाना की दर से 3 साल का कुल 36 प्रतिशत दंडात्मक ब्याज जोड़कर कानूनी वसूली करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।