झारखंड ऊर्जा निगम घोटाला: 107 करोड़ के गबन में CID की चार्जशीट, केनरा बैंक मैनेजर मुख्य आरोपी

झारखंड ऊर्जा निगम घोटाला: 107 करोड़ के गबन में CID की चार्जशीट, केनरा बैंक मैनेजर मुख्य आरोपी

​रांची (The Jagran News): झारखंड ऊर्जा निगम के 107 करोड़ रुपये के बहुचर्चित गबन मामले में CID ने रांची की विशेष अदालत में चार्जशीट दायर कर दी है। इस घोटाले में मुख्य आरोपी केनरा बैंक (हटिया शाखा) के तत्कालीन सीनियर मैनेजर अमरजीत कुमार को बनाया गया है, जिसे 12 मई 2026 को ही गिरफ्तार कर लिया गया था।

​क्या है पूरा मामला?

झारखंड स्टेट इलेक्ट्रिसिटी एम्प्लॉइज मास्टर ट्रस्ट ने अपने फंड के 9 करोड़ रुपये की FD कराने के लिए 7 सरकारी बैंकों से कोटेशन मांगे थे। अमरजीत कुमार ने बैंकिंग नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए 10 अप्रैल 2024 को अपनी शाखा में एक फर्जी खाता खोला। उसने 9 करोड़ की राशि FD करने के बजाय इस फर्जी खाते में ट्रांसफर कर ली और विभाग को FD की जाली रसीद थमा दी। इसके बाद, अलग-अलग तारीखों पर यह पैसा अन्य खातों में ट्रांसफर कर अवैध तरीके से निकाल लिया गया। विभागीय ऑडिट में इस फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ।

​बंगाल तक फैले हैं सिंडिकेट के तार

CID जांच में खुलासा हुआ है कि यह महज़ एक शाखा का मामला नहीं है, बल्कि एक संगठित सिंडिकेट का हिस्सा है। इस घोटाले के तार पश्चिम बंगाल से भी जुड़े हैं। CID ने कोलकाता सहित बंगाल के कई ठिकानों पर छापेमारी कर मास्टरमाइंड और बिचौलियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। चार्जशीट दायर होने के बाद अब इस मामले की सुनवाई में तेजी आने की उम्मीद है।